भोपाल। गांधीनगर क्षेत्र के अब्बास नगर में बाइक और बोलेरो पिकअप की टक्कर में बाइक सवार सुनील प्रजापति (25) की मौत हो गई। जब सुनील अब्बासनगर की तरफ मुड़ रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। इस टक्कर से सुनील नीचे गिर गया। उसके सिर में चोट आई थी, जिसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांधीनगर थाने की पुलिस के अनुसार, सुनील प्रजापति बड़बई का रहने वाला था और वह घर से ऐयरो सिटी चौराहे की तरफ आ रहा था। तभी ईस्टर्न पब्लिक स्कूल के पास मोड़ पर पीछे से आ रही लोडिंग ऑटो बोलेरो पिकअप ने टक्कर मार दी। सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।
एक्सीडेंट दोपहर 1.30 बजे हुआ। घटना की सूचना मोहम्मद परवेज ने दी। वे राजीव कॉलोनी, करोंद में रहते हैं। एक्सीडेंट के बाद लोडिंग ऑटो का ड्राइवर ऑटो छोड़कर भाग गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मृतक सुनील प्रजापति की शादी 4 दिन पहले हुई थी। उसके घर में शादी की खुशियों की जगह अब मातम पसरा हुआ है।
