नईदिल्ली @भोपाल समाचार। यह खाप पंचायत का नहीं बल्कि राजस्थान की एक ठेठ पंचायत का फैसला था। चौंकाने वाली बात तो यह है कि इस सिलसिले में अब गांव में कोई चर्चा भी नहीं करना चाहता, परंतु चर्चा तो पूरे राज्य में फैल गई है।
राजस्थान के उदयपुर में गांव के एक युवक को उसी गांव की 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक लड़की से प्रेम हो गया। शादी करने के लिए दोनों गांव छोड़कर भाग गए और इसी के साथ शुरू हुआ पंचायत का दखल। पूरे गांव वालों ने मिलकर दोनों को तलाश किया और खोज निकाला। दोनों को पहले गांव में लाया गया। यहां पंचायत बैठी और इस पंचायत ने जो तय किया वो तमाम ऐजेंसियों के लिए चौंकाने वाला है।
पंचायत ने लड़की को घोड़ी बनाया और लड़के को उस पर बिठाया। फिर पूरे गांव में बारात घुमाई गई। दोनों की शादी करवाई गई और गिफ्ट में दिया गया गोबर। वरमाला की जगह कांटों का हार पहनाया गया। इतना ही नहीं अच्छे संस्कार ना देने के जुर्म में लड़के के पिता पर 5 हजार और लड़की के पिता पर 10 हजार का जुर्माना लगाया गया। उपरोक्त जानकारी देते हुए एक अज्ञात व्यक्ति ने भोपाल समाचार डॉट कॉम को बताया कि इसके बाद दोनों को गांव से बेदखल कर दिया गया और परिवारों को चेतावनी दी गई कि यदि दोनों फिर से गांव में दिखे तो 5 लाख रुपए जुर्माना अदा करना होगा।