मप्र के बाजारों में 17 प्रतिशत नकली नोट, RBI परेशान

Updesh Awasthee
भोपाल। मध्यप्रदेश में सप्लाई किए जा रहे नकली नोटों को लेकर पुलिस के साथ आरबीआई के अधिकारी भी चिंतित है। नकली नोटों को लेकर ही आरबीआई के अधिकारियों ने एक अहम बैठक बुलाई। दो घंटे तक चली बैठक में डीजीपी सुरेंद्र सिंह के साथ सीआईडी एडीजी, एसटीएफ एडीजी और भोपाल के आईजी शामिल थे।

जानकारी के अनुसार बैठक में नकली नोट पर नकेल कसने के लिए रणनीति बनाई गई है। डीजीपी ने नकली नोट से जुड़े गिरोह की जानकारी आरबीआई के अधिकारियों को दी। वहीं, आरबीआई के अधिकारियों ने बाजारों में चल रहे नकली नोट को बैंकों के माध्यम से एकत्रित कर पुलिस को देने की जानकारी दी।

बैठक में नकली नोट को प्रदेश में आने से रोकने की योजना पर विशेष रूप से जोर दिया गया। भोपाल क्राइम ब्रांच ने बीते महीने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दस लाख से ज्यादा के नकली नोट बरामद किए थे।

नकली नोट से जुड़े आरोपियों का कनेक्शन नेपाल, पाकिस्तान, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से है। फिलहाल, क्राइम ब्रांच केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ आगे की जांच कर रही है।

ऐसे हुआ नकली नोट का खुलासा
हाल ही में भोपाल क्राइम ब्रांच ने सबसे पहले भोपाल में नकली नोट की सप्लाई करने वाले रिजवान को गिरफ्तार किया। लेकिन, जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी तो कई बड़े खुलासे होते गए। रिजवान के जरिए क्राइम ब्रांच की टीम बिहार निवासी खुर्शीद आलम तक पहुंची। इसके बाद नेपाल में नकली नोट के किए कुख्यात नेपाली गैंग के दो सदस्यों को क्राइम ब्रांच ने बिहार बॉर्डर से गिरफ्तार किया।

पाकिस्तान से नकली नोट की खैप नेपाल पहुंच रही है और नेपाल के रास्ते नकली नोट मध्यप्रदेश समेत दूसरे राज्यों में सप्लाई किए जा रहे हैं। हालांकि, क्राइम ब्रांच की जांच थोड़ी ओर आगे बढ़ी तो पाकिस्तान और नेपाल के बाद नकली नोट का पश्चिम बंगाल कनेक्शन सामने आया। क्राइम ब्रांच ने पश्चिम बंगाल के मालदा से जुहूर खान नाम के आरोपी को छह लाख रुपए के नकली नोट के साथ गिरफ्तार भी किया।

प्रदेश में खपाए जा रहे 17 फीसदी नकली नोट
सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में आरोपी जुहूर खान ने नकली नोट की खैप बांग्लादेश के जरिए पश्चिम बंगाल में पहुंचने का खुलासा किया है। अभी तक पाकिस्तान नेपाल के जरिए भारत में नकली नोट सप्लाई कर रहा था। लेकिन, अब इसी कड़ी में बांग्लादेश का नाम आने के बाद भोपाल क्राइम ब्रांच का जांच का दायरा बढ़ गया है।

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान में नकली नोट की छपाई की जा रही है। साथ ही मध्यप्रदेश के बाजारों में 17 फीसदी नकली नोट की सप्लाई की जा रही है। क्राइम ब्रांच केंद्रीय जांच एजेंसियों की मदद से मामले में आगे की जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच ने नेपाल और मालदा में नकली नोट का कारोबार कर रहे चार सरगनाओं के नाम इंटरपोल को सीआईडी के माध्यम से भेजे हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!