बड़वानी। यहां एक गांव में रहस्मयी आगजनी की वारदातें हो रहीं हैं। लोगों के घरों में अचानक आग सुलग उठती है। ये आग कौन लगता है किसी को पता नहीं। दहशतजदा ग्रामीणों ने घर खाली कर दिए हैं, वो खुले मैदानों में रह रहे हैं। ग्रामीणों को संदेह है कि कोई तांत्रिक या जादूगर है जो गांव पर हमला कर रहा है। प्रशासन इस मामले में अब तक बेफिक्र बना हुआ है।
जिले की राजपुर तहसील के दमदमी ग्राम में 10-12 दिनों से अचानक आग लगने की घटना अब तक अबूझ पहेली बनी हुई है। ना तो ग्रामीण और ना ही प्रशासन इसका कोई कारण बता पा रहे हैं। दहशतजदा ग्रामीणों ने गांव खाली कर दिया है। घटनाओं पर नजर रखने के लिए ग्राम में एक पटवारी की भी ड्यूटी लगाई गई है।
शनिवार को भी लगी आग
दमदमी में चल रहे घटनाक्रम को लेकर हर कोई अचरज में है। शनिवार को भी ग्राम के तेरसिंग के घर बिस्तरों से अचानक धुआं उठने लगा। घरवालों ने तुरंत पानी डाल आग को बढ़ने से रोका। घटनाओं के पीछे किसी की बदमाशी है या कोई जादू टोना यह अब तक तय नहीं हो सका है।
जो भी हो आगजनी की इन घटनाओं से ग्रामीण दहशत में नजर आ रहे हैं। घरों का अधिकांश सामान बाहर रखा हुआ है और दिन में खाना बनाना आदि कार्य भी घरों के बाहर ही हो रहा है। ग्राम में अब तक मकानों, टपरों, बिस्तरों, टीवी, बस्ते, स्कूल रिकार्ड रूम, पशुओं के चारे, पेड़ आदि में आग लगने की घटनाएं बताई गईं।
कलेक्टर बेफिक्र
पूरे के पूरे गांव में दहशत व्याप्त है। लाखों का नुक्सान हो चुका है। जनजीवन अस्तव्यस्त है। लोगों का भरोसा विज्ञान से उठता जा रहा है। वो इसे जादू टोना मान रहे हैं और कलेक्टर रवीन्द्र सिंह अब तक बेफिक्र हैं। इस संदर्भ में उनकी प्रतिक्रिया सिर्फ इतनी सी है कि 'ग्राम दमदमी में हो रही आगजनी की घटनाओं की जानकारी मिली है। इसकी जांच राजपुर एसडीएम से करवा रहे हैं। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।' आश्चर्यजनक तो यह है कि कलेक्टर ने खुद अभी तक गांव में जाने की जहमत नहीं उठाई है।