जयपुर। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने शुक्रवार को कहा कि 2019 में आम चुनाव से पहले देश के 20 राज्यों में बीजेपी के मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि लोगों ने हमें जनादेश दिया है और हम अगले आम चुनाव तक 20 राज्यों की सत्ता पर काबिज हो जाएंगे। जावडेकर ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रीय राजधानी में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। जावडेकर ने कहा कि दिल्ली में विकास के लिए इस बार जनता बीजेपी को पूर्ण बहुमत देगी।
जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जावडेकर ने कहा कि किरन बेदी के बीजेपी में आने का लोग स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि न केवल दिल्ली में बल्कि अन्य राज्यों में भी लोग बीजेपी से जुड़ रहे हैं। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी सरकार गठन पर जल्द कोई फैसला आएगा।
प्रकाश जावडेकर ने मोदी सरकार के कामकाज पर कहा कि पिछले 236 दिनों में सभी मंत्रालयों ने बेमिसाल काम किए हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई नियंत्रण में है और यह सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। बीजेपी के सीनियर नेता ने कहा कि पेट्रोलियम की कीमतों में कमी भी हमारी सरकार की उपलब्धि है। डीजल और पेट्रोल में एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने पर जावडेकर ने कहा कि यह चीजों को संतुलित करने के लिए जरूरी कदम है। प्रकाश जावडेकर ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर गैरजिम्मेदार रवैया अपनाने का आरोप लगाया।