भोपाल। राजधानी के नगर निगम में कार्यरत एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार किसी को नहीं बताया है।
शाहजहांनाबाद पुलिस ने बताया कि संजय नगर निवासी चंद्रभान उम्र 50 साल भोपाल नगर निगम में सफाई कर्मचारी था। वह काफी समय से परेशान चल रहा था, इसी परेशानी के चलते उसने कल शुक्रवार को अपने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी का फंदा तैयार कर उस पर झूल गया।
जब परिजनों ने काफी समय तक चंद्रभान को नहीं देखा तो उन्होंने कमरे में खिड़की से झांककर देखा तो चंद्रभान फांसी पर लटके हुए थे। दरवाजा तोड़कर इन्हें बाहर निकाला गया। इसके बाद इन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए तो डाक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया।
चंद्रभान के शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि मेरी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया है।