भोपाल। राजधानी में जुलाई से गाय का दूध भी पैकेट में बिकेगा। पहले चरण में शहर के मिल्क पार्लरों को रोजाना 1000 लीटर दूध की सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए मध्यप्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम ने केरवा डेम के नजदीक मदर-बुल फार्म में मार्डन डेयरी बनाने का काम शुरू कर दिया है।
15 जून तक डेयरी का काम पूरा होगा। निगम के एमडी डॉ. एचबीएस भदौरिया ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि डेयरी प्लांट में गिर और साइवाल नस्ल की 200 गाय रखी जाएंगी। प्रत्येक गाय औसतन रोजाना 15 लीटर दूध देगी। इस दूध को डेयरी प्लांट में पैक कर शहर के विभिन्न मिल्क पार्लर को सप्लाई किया जाएगा। इसके लिए निगम स्वयं का ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क बना रहा है। फिलहाल खुले रूप में रोजाना 300 लीटर गाय के दूध की सप्लाई शहर में की जाती है।