उपदेश अवस्थी/भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब वाकई राष्ट्रीय नेता हो गए हैं। लोकसभा चुनावों में देश भर से उनकी डिमांड की जा रही है। कई प्रदेश इकाईयों ने शिवराज सिंह चौहान की सभाओं की मांग की है।
लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा सभी स्तरों पर तैयारियां कर रही है। आरएसएस यूं तो हमेशा ही भाजपा के लिए जमीन तैयार करता रहा है परंतु इस बार मोदी के कारण आरएसएस भी फ्रंट लाइन पर ही है।
इसी क्रम में भाजपा की तमाम प्रदेश इकाईयां भी अपने अपने स्तर पर तैयारियां कर रहीं हैं। भाजपा की प्रदेश इकाईयों ने अपने क्षेत्र में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए स्टार प्रचारकों की डिमांड लिस्ट तैयार की है।
स्वभाविक रूप से इस लिस्ट में सबसे पहले नंबर पर मोदी ही हैं। इसके अलावा लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह एवं सुषमा स्वराज के नाम प्रमुख हैं परंतु मुख्यमंत्रियों के तौर पर सबसे ज्यादा डिमांड शिवराज सिंह चौहान की है। उत्तरप्रदेश सहित राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड एवं कई अन्य राज्यों की भाजपा ने शिवराज सिंह चौहान की सभाएं अपने अपने इलाकों में मांगी हैं।
सनद रहे कि शिवराज सिंह चौहान एक अच्छे सीएम तो माने ही जाते हैं परंतु इससे कहीं ज्यादा वो बहुत अच्छे वक्ता के रूप में स्थापित रहे हैं। सीएम नियुक्त होने से पहले भी शिवराज सिंह चौहान कई आयोजनों में बतौर वक्ता हॉटकैक हुआ करते थे। उनकी सामान्य और किसानी बोली आम नागरिकों को हमेशा से प्रभावित करती आई है और इसमें कोई दोराय नहीं कि शिवराज सिंह चौहान की योजनाओं से ज्यादा उनके भाषण मध्यप्रदेश में भी प्रभावी रहे हैं।