भोपाल। भाजपा की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया और उनके भाई के घरों पर सीबीआई द्वारा मंगलवार को मारे गए छापों के बाद प्रदेश का सियासी पारा अचानक चढ़ गया है।
भाजपा उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रभात झा जटिया के बचाव में खुलकर आ गए हैं। झा ने जटिया के घर सीबीआई छापे को कांग्रेस द्वारा बदले की भावना से प्रेरित कार्रवाई ठहराया है।
वे बोले-जटिया को बदनाम करने की नीयत से छापा मारा गया है। उन्होने सवाल उठाया कि यदि सीबीआई को छापा मारना ही था तो राज्यसभा का नामांकन भरने से पूर्व ही क्यों नहीं मारा? इससे इंटेशन जाहिर होता है।
गौरतलब है कि यह मामला स्टील अथारटी आफ इंडिया के उपक्रम बोकारो प्लांट में हाईप्रोफाइल फर्जी नौकरी घोटाले का है। जिसमें जटिया के बेटे राजकुमार जटिया भी 23 आरोपियों में शामिल हैं। भाजपा की ओर से केंद्रीय जांच ऐजेंसी सीबीआई के दुरूपयोग को लेकर भाजपा द्वारा उठाई गई उंगली पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक मुकेश नायक ने कहा कि जहां भाजपा की सरकार नहीं है,वहां भी छापे पड़े हैं। और सीबीआई के कारण अपने कई मंत्रियों को यूपीए सरकार ने हटाया है। वे लोग भाजपा के नहीं थे। नायक ने कहा कि जब भी सीबीआई की बात होती है तो ये लोग अपना मुंह छुपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी करने लगते हैं। उन्होने कहा कि अच्छा होगा कि भाजपा अपनी गलतियों की बात करे।