भोपाल। आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मप्र का मनमोहन सिंह बताया है।
पुलिस विभाग की ओर से आयोजित कवि सम्मेलन में भाग लेने भोपाल आए कुमार विश्वास से पत्रकारों से कहा कि शिवराज सिंह भले आदमी हैं, विनम्र हैं, उनमें भाजपा के अन्य मुख्यमंत्रियों की तरह अहंकार नहीं है, लेकिन वे दस सालों में अपने मंत्रियों को भ्रष्टाचार करने से नहीं रोक पाए।
शिवराज एक बार भी मंत्रियों को फटकार लगाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। उल्टे दिल्ली के नेताओं से शिकायत करते हैं कि मंत्री मान नहीं रहे हैं। कुछ ऎसी ही स्थिति प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की है। उन्होंने सवाल किया कि यदि शिवराज सिंह साफ सुथरी छवि के हैं तो उनके राज में भ्रष्टाचारियों का बोलबाला क्यों है? यहां चंद बिल्डर, ठेकेदार और भ्रष्ट मंत्री मिलकर सरकार चला रहे हैं।
यदि शिवराज सिंह वाकई भ्रष्टाचार को खत्म करना चाहते हैं कि तो भ्रष्टाचार विरोधी कठोर लोकायुक्त कानून क्यों नहीं बनाते हैं? लोकायुक्त के पास कई भ्रष्ट मंत्रियों के कच्चे-चिटे भेजे गए, लेकिन लोकायुक्त बड़े मंत्रियों को छोड़कर मामूली अफसरों पर कार्रवाई करने में जुटा है।
सेठ से नेता बने गडकरी
विश्वास ने कहा कि भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी सेठ से नेता बने हैं इसलिए उन्हें व्यापार के अलावा कुछ दिखाई नहीं देता। गडकरी ने दिल्ली के चुनाव में भाजपा पर खूब पैसा लगाया, लेकिन सब डूब गया।
विकल्प नहीं होने से भाजपा को फायदा
कुमार विश्वास ने घोषणा की है कि आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव में मप्र की सभी सीटों से चुनाव लड़ेगी। भाजपा मप्र में दिग्विजय सिंह के शासन काल की याद दिलाकर ही चुनाव जीतती आ रही है। प्रदेश की जनता के पास कोई विकल्प न होने के कारण ऎसा हो रहा है। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी कई सीटों पर भारी मतों से जीतेगी। उन्होंने कहा कि मप्र से कई अच्छे लोग पार्टी को मिले हैं, बड़ा काडर तैयार हो रहा है।