भोपाल। प्रदेश के करीब 78 हजार कर्मचारियों के डाक वोट को लेकर भाजपा को चिंता सताने लगी है। इसे लेकर प्रदेश संगठन अलर्ट हो गया है। प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन ने सभी उम्मीदवारों और जिलाध्यक्षों को निर्देश देकर चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के वोट पार्टी के पक्ष में डलवाने के लिए कहा है।
सरकार की हेट्रिक बनाने की खातिर भाजपा मतदान के बाद भी सक्रिय है। यह सक्रियता डाक मत पत्र को लेकर है। दरअसल, चुनाव ड्यूटी में लगे करीब 78 हजार कर्मचारियों ने अपने मतपत्र का इस्तेमाल नहीं किया है। मालूम हो कि विधानसभा चुनाव में तीन लाख 60 हजार 91 कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया था। इनमें से तीन लाख 12 हजार 435 कर्मचारियों को डाक मत पत्र जारी किए गए थे। लेकिन एक दिन पहले तक चुनाव ड्यूटी पर लगे दो लाख 34 हजार 311 कर्मचारियों ने अपने डाक मत पत्र का इस्तेमाल किया है।
जबकि चुनाव ड्यूटी पर लगे 78 हजार 124 कर्मचारियों का मतदान होना बाकी है। डाक मत पत्र 8 दिसंबर की सुबह 8 बजे तक जमा किए जाना है। बचे हुए करीब 78 हजार मतपत्रों को लेकर भाजपा का संगठन चिंतित है। प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन खुद सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने सभी उम्मीदवारों और जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी है। उम्मीदवारों और जिलाध्यक्षों से चुनाव ड्यूटी में लगे मतदान से वंचित इन कर्मचारियों से अपने पक्ष में मतदान करवाने के लिए संपर्क करने के लिए कहा है। असल में पार्टी को एक-एक वोट की चिंता है।