लावारिस शहर/उपदेश अवस्थी। बहुत ज्यादा पुरानी बात नहीं है। कोई 15 साल पहले जब दिग्विजय सिंह की सरकार हुआ करती थी, आरएसएस के संगठन मंत्री कब भाजपा की जिम्मेदारियां संभालते और कब वापस चले जाते पता ही नहीं चलता था। यही नियम था और यही व्यवस्था, लेकिन आज हालात देखो। आरएसएस के संगठन मंत्री भी नेतागिरी करने लगे। संघ की योजना से कौन भाजपा का काम देखेगा इसका प्रेसरिलीज जारी होने लगा।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय से आज जारी प्रेस रिलीज में एक प्रेसनोट कम से कम संघ के पुराने और निष्ठावान स्वयंसेवकों के लिए चौंकाने वाला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज जारी बयान में बताया है कि राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल विशेष अनुग्रह के बाद संगठन महामंत्री माखन सिंह चौहान एवं भगवत शरण माथुर की सेवाएं मध्यप्रदेश को देने के लिए राजी हो गए हैं। प्रेसनोट कुछ ऐसे जारी किया गया है मानो बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली गई हो।
यहां मैं संघ की परिपाटी और नियमों को याद दिलाना चाहता हूं। बहुत पुरानी नहीं, बस मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार से पहले की बात है। संघ की योजना से कौन संगठन मंत्री कब आता और कब चला जाता, भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी पता नही चलता था। बस भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को इसकी सूचना दी जाती थी, वो भी संघ कार्यालय की ओर से मौखिक।
संघ के संगठनमंत्री किसी भी सार्वजनिक आयोजन में भाग नहीं लेते थे और मीडिया से पर्याप्त दूरी बनाकर चला करते थे। वो कड़ी आपत्ति जताते थे यदि उनका नाम या फोटो अखबारों में आ जाए। उनका काम संगठन का विस्तार और व्यवस्था होती थी और वे इसी पर फोकस किया करते थे। संघ का संगठन मंत्री अर्थात एक बहुत ही सरल, सहज एवं अत्यंत बुद्धिजीवि व्यक्ति जो सामाजिक जीवन में रहते हुए सन्यासी हो गया हो।
लेकिन आज सत्ता का नशा देखो। संगठन मंत्रियों को यदि बुलाया गया तो विधिवत प्रेसनोट जारी किया जा रहा है वो भी कुछ ऐसे शब्दों में जैसे संघ के संगठनमंत्रियों ने मध्यप्रदेश पर एहसान किया हो। समझ नहीं आता, ये संघ के संगठन मंत्री कब से नेतागिरी करने लगे और यदि अब संघ का नया चैहरा ऐसा ही है तो भगवान बचाए ऐसे संघ और ऐसे संगठनों से...। हे राम
लीजिए आप भी पढ़ लीजिए वो प्रेसरिलीज जो मध्यप्रदेश भाजपा के अनुशासित और नीति नियमों का पालन करने वाले लाड़ले प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने जारी किया:—
मध्यप्रदेश संगठन के लिए माखनसिंह चौहान और भगवतशरण माथुर की पूर्णकालिक सेवाएं उपलब्ध होंगी: नरेन्द्रसिंह तोमर
विशेष बैठक के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल से आग्रह किया कि वे मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में संगठन की व्यवस्तताओं और जिम्मेदारियों को देखते हुए प्रदेश के वरिष्ठ संगठन महामंत्री माखन सिंह चौहान रहे और वरिष्ठ संगठन महामंत्री भगवतशरण माथुर की पूर्णकालिक सेवाएं मध्यप्रदेश संगठन को देने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने नरेन्द्रसिंह तोमर के आग्रह को स्वीकार करते हुए विधानसभा चुनाव तक दोनो वरिष्ठ संगठकों की सेवाएं मध्यप्रदेश को देने पर सहमति जता दी। नरेन्द्रसिंह तोमर ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों से आग्रह किया कि वे अपने अपने क्षेत्र में जन सहयोग चुनाव निधि के संग्रह का कार्य पूर्ण कर लें और जिले तथा विधानसभा क्षेत्र में उसके वित्तीय प्रबंधन की व्यवस्था करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा में अनेक स्थानों पर ऐतिहासिक स्वागत हुआ है और जनता ने पलक पावड़े बिछाकर घंटो जनआशीर्वाद यात्रा की प्रतीक्षा की है। ऐसे स्थान हमें चिन्हित कर लेना चाहिए और वहां पार्टी के लिए बहुमूल्य समर्थन जुटाकर उसे वोटों में बदलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक अभ्युदय अभियान के तहत जिलों में प्रभावी कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक बुद्धिजीवियों और असंबंद्ध राजनैतिक हस्तियों को भाजपा के विचार से जोड़ने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता महाकुंभ के लिए जिलों में मंडल स्तर, नगर ग्राम केन्द्र और मतदान केन्द्र स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास करना चाहिए, जिससे महाकुंभ का प्रयोजन सार्थक हो सके।