भोपाल। मिशन 2013 के लिए कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजधानी आ रहे केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का ऐतिहासिक स्वागत होगा। सिंधिया के स्वागत के लिए प्रदेश भर से उनके समर्थक राजधानी में जुट गए हैं।
भोपाल एयरपोर्ट से लेकर पीसीसी तक दर्जनों स्थानों पर उनके स्वागत के लिए मंच लगाए हैं। होर्डिंग्स, पोस्टर और झंडे- बैनर से शहर को पाट दिया गया है। सिंधिया बुधवार की शाम 4 बजे दिल्ली से विशेष विमान से भोपाल के लिए रवाना होंगे और शाम 5.30 बजे राजधानी पहुंचेंगे। यहां उन्हें जुलूस के रूप में पीसीसी तक लाया जाएगा। इस दौरान जगह-जगह उनका स्वागत होगा। उनका काफिला देर शाम आठ बजे तक पीसीसी पहुंचेगा। पीसीसी पहुंचने के बाद सिंधिया यहां चुनाव अभियान समिति की पहली और महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। बैठक में समिति के सभी सदस्य शामिल होंगे। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के भोपाल में ही रहने के कारण उम्मीद है कि वे भी बैठक में भाग ले सकते हैं।
कार्यकर्ताओं में हर्ष
सिंधिया को मिली नई जिम्मेदारी से कांगे्रस कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। भोपाल जिला युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष असमत सिद्दीकी गुड्डू, बद्रीनाथ सैनी, नीतेश नेमा, धर्मेन्द्र राय मिंटू आदि ने सिंधिया के स्वागत की अपील की है।