भोपाल। पराई पत्नियों से अवैध संबंध बनाने वाले ध्रुवनारायण, अप्राकृतिक हवस के पुजारी राघवजी, सीएम की पत्नि को इनवाइट करने वाले विजय शाह के बाद अब एक और मंत्री शिवराज के लिए संकटकारी हो गए। उन्होंने भाजपा के समर्थन में तालिबानी फरमान जारी किया है।
मध्य प्रदेश के परिवहन मंत्री जगदीश देवड़ा ने शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि 'भाजपा ने पिछले 10 सालों में जितने विकास कार्य किए हैं, उसका एक चौथाई भी कांग्रेस पिछले 54 साल में नहीं कर पाई। इसके बावजूद यदि कोई हमारी पार्टी की बुराई करता है तो उसकी जुबान खींच लो।' देवड़ा मकसूदनगढ़ में चाचौड़ा विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मंत्रीजी यहीं नहीं रुके। उनका जोशीला भाषण सुनकर कार्यकर्ता जोश में आ गए और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के नारे लगाने लगे। कार्यकर्ताओं को जोश में देखते हुए मंत्री देवड़ा ने कहा कि कांग्रेसी मोटी चमड़ी वाले और निर्लज्ज हैं। सालों तक प्रदेश के खजाना लूटने के बाद भी बेशर्मी से लोगों से वोट मांग रहे हैं। परिवहन मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपसी मतभेद हो तो इसे घर में ही बैठकर सुलझा लो, लेकिन बाहर वाले के सामने एकजुट रहो।
उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि याद रखना बाहर वाले बुराई करें तो जुबान खींच लेना। जब उनसे इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह हमारी पार्टी का अंदरूनी मामला है।