भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री डा. महेन्द्र सिंह चौहान ने अशोका गार्डन स्थित दशहरा मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के नाम वाले शिलान्यास पत्थर को रंगे जाने की घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए क्षेत्रीय भाजपा विधायक विश्वास सारंग के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
गुरूवार को डॉ चौहान के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता अशोका गार्डन थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गये। इस दौरान विधायक सारंग और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। एक घंटे बाद थाने पहुंचे सीएसपी और थाना प्रभारी ने शिकायत लेकर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इस मौके पर डॉ चौहान ने कहा कि प्रदेश के गौरव स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह जी तीन बार मुख्यमंत्री, पंजाब के राज्यपाल और भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्री रहे है। कांग्रेस के वरिष्ठ एवं राष्ट्रीय नेता के रूप में उन्होंने मप्र के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान दिया।
वे साम्प्रदायिक सद्भाव के पक्षधर एवं साम्प्रदायिक कट्टरवाद के सख्त विरोधी थे। उन्हें मध्यप्रदेश के साथ-साथ देश के गरीबों, पिछड़ों और अकीलियत का शुभ चिंतक माना जाता रहा है, इसलिए उनकी नाम पट्टिका को इरादतन क्षति पहुंचाई गई। क्षेत्रीय विधायक ने जान-बुझकर दशहरा मैदान के द्वार पर एवं मैदान पर लगे ब्लैक स्टोन को क्षति ग्रस्त करवाया। द्वार पर लिखे नाम को फ्लेक्स से छुपाया गया, वहीं मैदान पर लगे पत्थर में टंकित नाम को पेंट और गेरू से पुतवा दिया गया।
इतना ही नहीं शहर भर में लगाए गए भागवत कथा के प्रचार-प्रसार के पोस्टर होर्डिंग में भी स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के नाम का उल्लेख दशहरा मैदान के साथ नहीं किया गया है। जबकि इस मैदान के विकास की सम्पूर्ण 20 लाख रूपये की राशि स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह द्वारा प्रदान की गई थी।
डॉ चौहान ने कहा कि इस घटना से स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह की छवि को धूमिल करने का जो कुत्सिक प्रयास किया गया है, उससे हम सभी आहत है। प्रदेश के समस्त कांग्रेसजन इस कृत्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने इस अतिनिंदनीय एवं अशोभनीय कृत्य के लिए क्षेत्रीय विधायक विश्वास सारंग से क्षमा मांगने और उनके खिलाफ थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। इस मौके पर पार्षद अकबर खान, पूर्व पार्षद रशीद चांद, अनवर गुड्डू, अशरफ खान, राशिद भाई, शेर सिंह, मो. सत्तार, सबूर खान, तेजू जैन, सुरेश चैहान, मेघराज चैहान, तारिक खान, उबैस चांद, अहमद खान, इमरान खान, धर्मेंद्र विजयवर्गीय, तुफैल अहमद, रवि शंकर मिश्रा, तीरत सिंह, भागीरथ पंसोरिया, मंगल सिंह, असलम डायर, खालिद मोहम्मद, संजय सिंह, हितेद्र वाजपेयी, गुड्डू भाई, महिपाल सिंह, कुंवर अर्जुन सिंह दशहरा मैदान उत्सव समिति के सचिव विजय सिंह ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कांगे्रसजन मौजूद थे।