उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक महिला से कथित तौर पर ड्यूटी कैंप में दुष्कर्म करने वाले विशेष सशस्त्र बल के जवान शिशुपाल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
बताया गया है शुक्रवार को बडनगर क्षेत्र की महिला महिदपुर तहसील से सार्वजनिक यातायात के जरिए उज्जैन जाना चाहती थी, मगर रात होने पर वाहन नहीं मिला और वह पुलिस कैंप चली गई। इस दौरान कुछ लोगों ने महिला को जवान के साथ कैंप में देखा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जवान ने महिला के साथ ज्यादती की है।
स्थानीय लोगों के आक्रोश को देखते हुए महिदपुर पुलिस ने विशेष सशस्त्र बल के जवान के साथ महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पुलिस उपाधीक्षक अनूप मिश्रा के मुताबिक महिला की शिकायत पर शिशुपाल सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी जवान को शनिवार को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।