भोपाल। दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह का राघौगढ़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना तय है। यह बात शनिवार को उनके चाचा और दिग्विजय सिंह के भाई कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह ने विदिशा सर्किट हाउस में प्रेस से चर्चा के दौरान कही। हालांकि उन्होंने बाद में इसे जनता की मांग और क्षेत्र के लोगों का प्रेम बताया और कहा कि उन्हें लोग चाहते हैं।
लक्ष्मण सिंह यहां प्रकोष्ठों के गठन के सिलसिले में आए हुए थे। चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि पीसीसी ने उन्हें प्रदेशभर में प्रकोष्ठों के गठन की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वे पूरा कर रहे हैं। भाजपा में नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान की जोड़ी को नमो शिवाय कहने पर उन्होंने ऐतराज जताया और कहा कि यह भगवान शिव का अपमान है। किसी भी हाल में न तो नरेंद्र मोदी और न ही शिवराज सिंह चौहान भगवान हो सकते हैं।
दिग्विजय सिंह नहीं लडे़ंगे विस चुनाव :
लक्ष्मणसिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके बडे़ भाई और मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह विधानसभा चुनाव नहीं लडे़ंगे। वे केवल लोकसभा चुनाव लडे़ंगे, जिसकी तैयारी कर रहे हैं।