रायगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने को कहा है कि छत्तीसगढ़ विकास के मामले में गुजरात से कहीं आगे है। यहां उद्योगों की विकास दर ज्यादा है और विदेशी पूंजी निवेश भी अधिक हुआ है।
सुकमा जिले की दरभा घाटी में 25 मई को नक्सली हमले में शहीद हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल तथा उनके पुत्र दिनेश के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने रायगढ़ पहुंचे दिग्विजय सिंह ने नंदेली हेलीपैड पर मीडिया से चर्चा के दौरान यह बात कही।
विकास के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि विकास के मामले में छत्तीसगढ़ गुजरात से भी आगे है। यहां उद्योगों की विकास दर ऊंची है और विदेशी पूंजी निवेश दोनों गुजरात से अधिक हुआ है। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, कि मोदी यह कहते हैं कि उन्होंने प्रदेश का कर्ज चुका दिया है अब दिल्ली का कर्ज चुकाना है, मगर हकीकत यह है कि पूरे देश में गुजरात का प्रति व्यक्ति कर्ज सबसे अधिक है।
उन्होंने कहा कि मोदी को गुजरात विकसित राज्य के रूप में विरासत में मिला है, जिसका श्रेय वे स्वयं लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर 3000 अरब डॉलर खर्च कर एक कंपनी को हायर किया है जो मोदी को गुजरात के विकास का मसीहा और राष्ट्रीय स्तर का नेता प्रचारित करने का काम कर रही है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी प्रदेश स्तर के नेता हैं, मगर उन्हें राष्ट्रीय नेता के रूप में रणनीति बनाकर प्रोजेक्ट किया जा रहा है जिसे देश की जनता भली-भांति समझती है।