भोपाल। 24 घंटे के दौरान इंजीनियरिंग के छात्र सहित चार लोगों ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतकों में एक 12वीं की छात्रा भी शामिल है। इन सभी मामलों में खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम शिकारपुरा बुरहानपुर का 23 वर्षीय शुभम पुत्र चंद्र शेखर काले पिपलानी की विवेकानंद कॉलोनी में रहता था। वह टीआईटी कॉलेज में इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसने बुधवार शाम को घर में फांसी लगा ली। सूचना पुलिस को मकान मालिक ने दी। मौके से मिले सुसाइड नोट में मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पेपर बिगड़ने के चलते यह कदम उठाना बताया है।
उधर निशातपुरा इलाके की गोया कालोनी के तेज सिंह उइके की 18 वर्षीय पुत्री आरती ने गुरुवार शाम फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका कक्षा 12वीं की छात्रा थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
उधर छोला के प्रीत नगर के रविराज पुत्र दौलत सिंह ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक पेशे से मजदूर था। वह छोटे भाई और मां के साथ रहता था। फिलहाल खुदकुशी के कारण का खुलासा नहीं हो सका है।
इधर बैरागढ़ इलाके के ग्राम बेहटा निवासी सुनील की 28 वर्षीय पत्नी विमलेश ने बुधवार रात करीब आठ बजे फांसी लगा ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।