भोपाल। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दुष्कर्म का शिकार बनी चार वर्षीय गुड़िया का नागपुर के एक अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत और बिगड़ गई है। वहीं बिहार में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी फिरोज खान को तीन दिन की ट्रॉजिट रिमांड पर सिवनी लाया जा रहा है।
सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बालिका को फिरोज खान नामक युवक ने 17 अप्रैल को अपनी हवस का शिकार बनाया था। बालिका को गंभीर हालत में एयर एम्बुलेंस से उपचार के लिए नागपुर भेजा गया था। बुधवार को चिकित्सकों ने बताया कि बालिका की हालत ठीक नहीं है। उसके रक्तचाप में भी गिरावट आई है।
वहीं इस वारदात को अंजाम देने वाले फिरोज खान को बिहार के भागलपुर में मंगलवार देर शाम को भीड़ ने पकड़ लिया था। सिवनी के पुलिस अधीक्षक मिथिलेश शुक्ला ने आईएएनएस को बताया कि भागलपुर न्यायालय से तीन दिन की ट्रॉजिट रिमांड मिली है। उसे मध्य प्रदेश पुलिस सिवनी लेकर आ रही है। संभव है कि फिरोज को लेकर पुलिस दल गुरुवार सुबह तक सिवनी पहुंच जाएगा।