भोपाल। नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने मजदूर महापंचायत के मजदूरों के साथ धोखा बताते हुए कहा है कि मजदूरों के नाम पर उपकर के रूप में सरकार ने 880 करोड रूपये वसूल किए और खर्च मात्र 270 करोड़।
इसमें भी यह राशि किस पर व्यय हुई, और लाभ पाने वाले मजदूरों कौन है यह जानकारी सरकार सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि मजदूर पंचायत में की गई घोषणाओं में ज्यादातर केन्द्र सरकर सहायतार्थ योजनाएं है जिन्हें करके शिवराज मुफ्त का यश लूटने का प्रयास कर रहे है।
भाजपाई ठेकेदारों का धंधा बनगईं हैं पंचायतें
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि पंचायते भाजपा नेताओं और उनसे जुड़े ठेकेदारों के लिए लाभ का धंधा बन गई है। टेंट, कुर्सी, माइक, खाना और पीने के पानी से लेकर परिवहन तक में भाजपा नेताओं का कमीशन और ठेका फिक्स है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में भीड़ दिखाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता शामिल होते है। उन्होंने कहा कि पंचायत जिन वर्गों के लिए बुलाई गई उनके हित से सरकार को कोई मतलब नहीं हैं, यह स्वयं सरकार ने अपने विज्ञापन में बताया है।
श्री सिंह ने कहा कि आज जारी विज्ञापन में मजदूरों के हित के नाम पर उपकर के रूप में जो राशि वसूली गई वह 870.62 करोड़ रूपये है जबकि उनके हितलाभ में खर्च की गई राशि मात्र 271 करोड़ रूपये है। श्री सिंह ने कहा कि 271 करोड़ रूपये मजदूरों के हित पर खर्च की गई होगी इसमें भी शंका है, क्योंकि जिस तरह से श्रमिकों की कल्याण निधि पंचायत के आयोजन पर खर्च करने का प्रयास सरकार ने किया, और हाईकोर्ट ने उस पर रोक लगाई। इससे यह राशि भी पूरी तरह मजदूरों पर खर्च की गई होगी इसमें संदेह है।
हजारों मजदूरों को नहीं मिली मजदूरी
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने मजदूर महापंचायत में मजदूरी देने का वादा कर पंचायत में लाने वाले लोगों पर भारी नाराजगी व्यक्त की है। श्री सिंह ने कहा कि यहां पर भी मजदूरों के साथ सरकार ने धोखा किया। महापंचायत में भीड़ बढ़ाने के लिए मजदूरों को कहां गया था कि अगर इसमें शामिल होंगे तो उन्हें मजदूरी दी जायेंगी, लेकिन जब महापंचायत समाप्त हुई तो मजदूरी देने का वादा करने वाले लोग वहां से गायब हो गये।
मजदूरों को बांटा गया सड़ा हुआ भोजन
श्री सिंह ने कहा कि मजदूरों को घटिया खाना परोसा गया। उन्होंने कहा कि मजदूरों को दिये गये सड़े भोजन से स्पष्ट है कि शिवराज सिंह चैहान में मजदूरों के प्रति कितना सम्मान और संवेदनशीलता है। श्री सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की धोखाधड़ी इस प्रदेश की जनता ज्यादा दिन तक बर्दाश्त नहीं करेगी।