सीहोर(श्रवण मावई 9406528431)। भोपाल में आयोजित मजदूर महापंचायत में जिले भर से शामिल हुए मजदूरों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। इन सुविधाओं में खाना, वाहन के अलावा एक दिन की मजदूरी 125 रुपए भी मजदूरों को दिए गए हैं। यह पहली बार है जब किसी महापंचायत में ले जाने के लिए सामान्य लोगों को मजदूरी दी गई हो।
जानकारी के अनुसार जिले के नसरुल्लागंज तहसील मुख्यालय पर रविवार की सुबह लगभग चार सौ मजदूर विभिन्न इलाकों से इकट्ठा किए गए और यहां नगर पंचायत और जनपद पंचायत द्वारा उन्हें छह वाहनों से भोपाल में आयोजित महापंचायत में भेजा गया।
इससे पहले उनके साथ खाने की व्यवस्था की गई साथ ही नगद 125 रुपए उन्हें एक दिन की मजदूरी के दिए गए हैं। अनेक मजदूरों ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें एक दिन की मजदूरी के रूप में 125 रुपए दिए गए।
गौरतलब है कि जिले भर से लगभग एक हजार से भी अधिक मजदूर महापंचायत में शामिल हुए हैं, अंदाजा लगाया जा सकता है कि इन सभी को 125 रुपए दिए गए कुल एक लाख 25 हजार रुपए की राशि इन मजदूरों को ले जाने में खर्च की गई।
इनका कहना है
महापंचायत में शामिल हुए मजदूरों को खाने, वाहन और एक दिन की मजदूरी दी गई है।
कमलेश्वर पाठक
नगर पंचायत सीएमओ नसरुल्लागंज