भोपाल। प्रदेश में बढ़ते तापमान के बीच आज मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। राजधानी भोपाल में आज सुबह कुछ देर तो भगवान भास्कर के दर्शन हुए लेकिन उसके बाद उन्हें बादलों ने घेर लिया। दोपहर होते-होते हल्की बूंदाबादी भी हो गई।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यहां कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की सम्भावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान होशंगाबाद में सबसे ज्यादा गर्मी महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में बीते तीन दिनों से तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी है, जिससे दोपहर में गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।