भोपाल। बीएमएचआरसी से डॉक्टरों द्वारा नौकरी छोड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में नेफ्रोलॉजी विभाग से एक डॉक्टर के इस्तीफा देने के बाद अब छह और डॉक्टरों ने नौकरी छोड़ने की तैयारी कर ली है।
ये डॉक्टर अगले सप्ताह तक एम्स में ज्वाइनिंग देने वाले हैं। उधर, अस्पताल प्रबंधन भनक लगने के बाद जल्द से जल्द डॉक्टर्स की समस्याओं को दूर करने की बात कर रहा है। अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. केके मोद्दार का कहना है कि वे जल्द ही डॉक्टरों से बात कर समस्या को सुलझाने का प्रयास करेंगे, ताकि अस्पताल में चिकित्सा सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
गौरतलब है कि पे स्केल और सेवा शर्तों को लेकर हाल ही में नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉक्टर महेंद्र कुमार अटलानी ने इस्तीफा दे दिया था। वहीं, कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ.जीसी गौतम पहले ही इस्तीफा दे चुकें हैं। डॉक्टर अटलानी के बाद अब अस्पताल के छह और डॉक्टर इस्तीफा देने का मन बना रहे हैं। उधर, पहले से ही डॉक्टरों और विशेषज्ञों की कमी से जूझ रहा है। हालात ये बन गए हैं कि अस्पताल में मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा है।