भोपाल। इन्दौर में भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष मुबारिक खान के बेटे तनवीर की हत्या चौथवसूली के चलते की गई है। वो वसूली के लिए आया था, लेकिन आरोपियों ने वसूली देने के बजाए हत्या कर डाली। बताया गया है कि हत्या से पहले तनवीर की कार में एक लड़की भी थी।
इन्दौर में शनिवार को चोइथराम हॉस्पिटल के पास हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में पुलिस को जानकारी मिली है कि उसके साथ एक लड़की भी थी। देर रात पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसने अवैध वसूली से त्रस्त आकर दो साथियों के साथ हत्या करने की बात कही है।
एएसपी राजेशसिंह के अनुसार एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि तनवीर खान (25 वर्षीय) निवासी खातीवाला टैंक डस्टर कार से शाम साढ़े छह बजे चोइथराम हॉस्पिटल के पास सुनसान गली में आया था। उसके साथ लड़की भी थी। इसके बाद महिला घर में काम करने चली गई। कुछ देर बाद शोर सुनाई दिया। वह बाहर निकली तो दो लड़के कार में बैठे तनवीर पर चाकुओं से हमला करते दिखे। उन्होंने पहले तनवीर को सीट पर ही चाकू मारे, फिर बाहर निकालकर वार किए। इसके बाद हमलावर बाइक से चले गए। तनवीर के शरीर पर 15-17 घाव मिले हैं।
पता चला है कि 15 दिन पहले सोहेल व तनवीर का झगड़ा हुआ था। पता चला है आरोपी विष्णु उस्ताद हत्याकांड के आरोपी रहे नरेंद्र कुशवाह के साथी हैं। प्लॉट का विवाद भी सामने आया है। पुलिस लड़की की जानकारी भी निकाल रही है।