भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा के विधायक विश्वास सारंग ने आज भारत के गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे को आईएसआई का ऐजेंट बताते हुए इसकी जांच कराने की मांग की। श्री सारंग आज भोपाल में शिंदे के बयान के विरुद्ध भाजपा के आयोजन को संबोधित कर रहे थे।
विश्वास सारंग में भोपाल में भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि भारत के गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे आईएसआई के ऐजेंट हैं एवं हिन्दुस्तान में साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बलवीर पुंज द्वारा विरोध प्रदर्शन के दौरान दिग्विजय सिंह पर सवाल उठाए गए कि भारत की सीमा पर शहीद होने वाले सिपाहियों के परिवार से मुलाकात के लिए दिग्विजय सिंह के पास समय नहीं है, जबकि आतंकवादियों को सम्मान सूचक शब्दों से सम्मानित करना वो कभी नहीं भूलते।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस के पास भ्रष्टाचार, गरीबी, बेरोजगारी और मंहगाई का कोई जवाब नहीं है, इसलिए वो जनता का ध्यान बंटाने के लिए इस तरह की हरकतें कर रही है।