राजधानी में ड्रायवरों को पहननी होगी खाकी

shailendra gupta
भोपाल। शहर में अब सभी वाहन चालकों को यूनिफार्म में खाकी एप्रिन पहनना अनिवार्य है साथ ही उन्हें नेम प्लेट भी लगाना अनिवार्य किया गया है। अब प्रत्येक आटो को मीटर से ही चलना होगा। परिवहन विभाग, नापतौल विभाग और ट्राफिक पुलिस इसकी सघन जांच करें और आदेश का पालन नहीं करने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई करें।

यह निर्देश आज कलेक्ट्रेट में आयोजित भोपाल विकास और सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक में कलेक्टर निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने दिए। बैठक में एसएसपी श्रीनिवास वर्मा, नगर निगम कमिश्नर विशेष गढ़पाले, जिला प्रशासन,पुलिस, परिवहन और नगर निगम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। 


बैठक में कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने निर्देश दिए कि सड़कों पर ब्लिंकर लगाए जाएं जिससे सड़क पर स्पीड ब्रेकर और डिवाइडर को ठीक तरह से समझा जा सके ताकि दुर्घटनाएं कम हों। जेब्रा क्रासिंग की पुताई का कार्य तुरंत पूरा करें और यह कार्य अच्छी गुणवत्ता के लिए मशीन से करायें। उन्होंने कहा कि अब बस, मिनी बस, आटो और अन्य यात्री वाहनों के अंदर भी वाहनों के नंबर, वाहन मालिक का नाम, हेल्प लाइन नंबर, ट्राफिक प्रभारी का नंबर और महिलाओं की मदद के लिए महिला थाने का नंबर अनिवार्य रूप से लिखा जायेगा। 

श्री श्रीवास्तव ने कहा कि शहर में नगर निगम ने जिन स्थानों पर पार्किंग के ठेके दिए हैं उन सभी ठेकेदारों को निर्देश दिए जाएं कि 15 दिन के भीतर ठेकेदार के समस्त कर्मचारी यूनिफार्म में ही ड्यूटी करेंगें। पार्किंग स्थल पर पार्किंग की रेट लिस्ट भी अनिवार्य रूप से लगाई जाये। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल पर तैनात कर्मचारियों के बिना यूनिफार्म के ड्यूटी पर पाए जाने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार का ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जायेगी। 

कलेक्टर निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शहर के प्रमुख चिन्हित स्थानों पर मल्टी लेवल पार्किंग व्यवस्था के कार्यों में गति लाई जाये। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को ताकीद की कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाये और तेजी से कार्य किए जाएं। 

एमपी नगर में खाली जमीन का तुरंत सर्वे कर मल्टी लेवल पार्किंग का कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि मोती मस्जिद के पास भी मल्टी लेवल पार्किंग की व्यवस्था के कार्य में भी विलंब नहीं किया जाये। मल्टी लेवल पार्किंग बनाने के संबंध में अगर किसी प्रकार की बाधा होती है तो तुरंत अवगत कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार का विलंब बरदाश्त नहीं किया जायेगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!