भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने म.प्र. कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष के बतौर अपने डेढ़ साल के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को शामिल करते हुए जयपुर में अ.भा. कांग्रेस कमेटी की बैठक के समय रविवार को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी को अपना रिपोर्ट कार्ड सौंपा और प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति एवं मिशन-2013 के लिए पार्टी की तैयारियों के बारे में चर्चा कर मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
आपने श्रीमती सोनिया गांधी को हाल ही में संपन्न नगरीय निकायों के चुनावों में 6 में से 5 निकायों में कांग्रेस की जीत का उल्लेख करते हुए अवगत कराया कि प्रदेश के मतदाताओं का विश्वास कांग्रेस की ओर तेजी से लौट रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री भूरिया ने अपने रिपोर्ट कार्ड में सौ से अधिक मैदानी आंदोलनों और पार्टी के अन्य कार्यक्रमों का ब्यौरा दिया है जो प्रदेश और प्रदेशवासियों के हित में तथा प्रदेश की भाजपा सरकार के जनविरोधी क्रियाकलापों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रदेश भर में आयोजित किये गये हैं।
भूरिया ने सोनियाजी को बताया कि जनहित के हर ज्वलंत मुद्दे पर सत्तारूढ पार्टी और उसकी सरकार के खिलाफ आवाज उठाकर दोनों को कठघरे में खड़ा करने का कोई अवसर कांग्रेस छोड़ नहीं रही है। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न के मुद्दों पर राज्य सरकार और भाजपा को निरूत्तर सिद्ध कर दिया है।
श्री भूरिया ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया है कि पूरे राज्य में पार्टी के मोर्चा संगठन मैदानी आंदोलनों में एकजुट होकर भागीदारी कर रहे हैं। कांग्रेस के जो मैदानी कार्यकर्ता किन्हीं कारणों से घर बैठ गए थे, वे भी पार्टी की व्यापक सक्रियता से प्रेरित होकर फिर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूर्ववत सक्रिय हो गए हैं।
श्रीमती गांधी ने प्रदेश में पार्टी की सक्रियता पर प्रसन्नता प्रगट करते हुए पार्टी की सक्रियता और आम लोगों से संपर्क के प्रयासों को जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए मिशन 2013 की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।