भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) से किन स्कूलों को नई मान्यता मिली है, इसकी जानकारी वेबसाइट पर लोड की जाएगी। यदि किसी कारण से स्कूलों को मान्यता नहीं दी गई है तो इसकी जानकारी भी वेबसाइट से मिलेगी।
माशिमं ने स्कूलों की मान्यता के लिए शेड्यूल तय हुआ। इसके अनुसार जिला कलेक्टरों से 28 फरवरी तक स्कूलों की मान्यता के लिए रिपोर्ट मंगाई जाएगी। इसके आधार पर माशिमं में 30 अप्रैल तक विचार-विमर्श होगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची 15 जून तक माशिमं की वेबसाइट पर लोड कर दी जाएगी। जिन स्कूलों को मान्यता नहीं दी जाएगी, उनकी सूची भी कारण सहित वेबसाइट पर चस्पा की जाएगी। यह स्कूल, विभागीय मंत्री अर्चना चिटनीस की अध्यक्षता में गठित की गई समिति में अपना पक्ष रखते हुए अपील कर सकेंगे।
पुराने प्रकरणों पर विचार: माशिमं के सचिव संतोष मिश्र ने बताया कि वर्तमान में करीब 450 स्कूलों के पुराने मान्यता प्रकरणों पर विचार जारी है। उन्होंने बताया कि इनमें से तीन-चौथाई प्रकरण ऐसे स्कूलों के हैं, जिन्होंने नौवीं कक्षा शुरू करने के लिए मान्यता मांगी थी। वहीं, बचे हुए जिन स्कूलों को मान्यता नहीं मिली है, उनमें पढऩे वाले विद्यार्थियों के एडमिशन अन्य शिक्षण संस्थाओं में ट्रांसफर हो चुके हैं। इसलिए उन्हें परीक्षा देने में समस्या नहीं होगी।