इन्दौर। केन्द्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे की टिप्पणी के विरोध में आज भाजपाइयों ने पूरे शहर में 11 स्थानों पर मौन धरने देकर गृहमंत्री के खिलाफ अपने आक्रोश का इजहार किया। भाजपा के नगर अध्यक्ष शंकर लालवानी ने गृहमंत्री की टिप्पणी के खिलाफ पार्टी के शहरव्यापी धरने में विधानसभा क्षेत्रवार नेताओं को तैनात किया।
विधानसभा क्षेत्र क्र. 1 के दोनों मंडलों की जिम्मेदारी बाबूसिंह रघुवंशी और अंजू माखीजा को, दो नंबर की उषा ठाकुर और कृष्णमुरारी मोघे को, तीन नंबर की शंकर लालवानी और मधु वर्मा को, चार नंबर की गोविन्द मालू और भंवरसिंह शेखावत को और पांच नंबर क्षेत्र की सुमित्रा ताई और उमेश शर्मा को, राऊ विधानसभा क्षेत्र की डॉ. उमाशशि शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई। क्षेत्र क्र. 1 के कार्यकर्ताओं ने धरने टोरी कार्नर और लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहे पर, क्षेत्र क्र. 2 के कार्यकर्ताओं ने पाटनीपुरा और परदेशीपुरा चौराहे पर, क्षेत्र क्र. 3 के कार्यकर्ताओं ने छावनी और राजबाड़ा चौराहे पर, क्षेत्र क्र. 4 के कार्यकर्ताओं ने महू नाका और कलेक्टोरेट चौराहे पर, क्षेत्र क्र. 5 के कार्यकर्ताओं ने बंगाली चौराहा और मालवा मिल चौराहे पर और राऊ क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने अन्नपूर्णा रोड पर धरना दिया।
धरने पर मंडल और वार्ड के कार्यकर्ताओं के साथ शहर के पदाधिकारी, संबंधित क्षेत्रों के पार्षद मौजूद थे। धरना स्थल पर नारे लिखी तख्तियां और बैनर के माध्यम से गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया गया, जिन्होंने जयपुर के चिंतन शिविर में यह कहकर सनसनी फैला दी थी कि भाजपा और संघ के शिविरों में हिन्दू आतंकवाद का प्रशिक्षण दिया जाता है।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 में बंगाली चौराहे और मालवा मिल चौराहे पर दिए गए धरने में स्वास्थ्य राज्यमंत्री महेंद्र हार्डिया भी धरने पर बैठे और उनके पीछे ही सुबह 7 बजे से कलाली खुल गई, जबकि आबकारी विभाग के नियमों के मुताबिक शराब की दुकानें और कलाली सुबह 10 बजे के बाद खुलना चाहिए। लेकिन धरने के दौरान पुलिस भी वहीं मौजूद थी और पुलिस चौकी भी सामने ही स्थित है, मगर कलाली बंद नहीं करवाई गई। शराबियों का मजमा भी वहां लगा रहा, जो अपनी हरकतों से आने-जाने वालों को परेशान करते रहे।