जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री नरहरि की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ऑटो रिक्शा एवं टेम्पो आदि यूनियनों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सभी सहयोगी बनें। उन्होंने बैठक में मौजूद यूनियनों के प्रतिनिधियों से यह भी कहा कि ऑटो, टेम्पो, टाटा मैजिक व बस आदि के चालक निर्धारित यूनीफॉर्म में रहें, नेमप्लेट लगायें और ड्रायविंग व वाहन लायसेंस आदि मूल दस्तावेज भी साथ में रखें। सभी यूनियनों ने इस पर सहमति जताई और इसका पालन कराने की बात भी कही।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बैठक में स्पष्ट किया कि ऑटो रिक्शा आदि वाहनों में सवारियों को बिठाने के संबंध में उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन होगा। उन्होंने कहा कि जिन भी ऑटो रिक्शा आदि वाहनों में अभी भी सवारियों को बिठाने के लिये फट्टियाँ लगी हैं उन्हें तत्काल हटा लें। यदि जाँच के दौरान फट्टियाँ लगी मिलीं तो संबंधित वाहन का परमिट निरस्त होगा। अधिकारी द्वय ने कहा सभी सवारी वाहनों पर किराया सूची, वाहन मालिक का नाम व फोन/मोबाइल फोन नम्बर आदि जानकारी भी आवश्यक रूप से प्रदर्शित कराई जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री वेदप्रकाश, अपर जिला दण्डाधिकारी श्री सतेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश्वर शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री एमपी सिंह व डीएसपी ट्रैफिक श्री अजय त्रिपाठी, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के मानसेवी सचिव श्री भूपेन्द्र जैन तथा समिति के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।
वीडियो फुटेज दिखाए
शहर के विभिन्न चौराहों व सडकों पर बेतरतीब तरीके से खड़े होकर यातायात में बाधा डाल रहे ऑटो रिक्शा, टाटा मैजिक व विक्रम आदि सवारी वाहनों के वीडियो फुटेज भी जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिखाए गए। साथ ही इन वाहनों से जुड़ी सभी यूनियनों के प्रतिनिधियों से कहा गया कि वाहन चालकों को साफ तौर पर सचेत कर दें कि यदि उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन किया तो कठोर कार्रवाई होगी।
ई-चालान होंगे
पुलिस अधीक्षक डॉ. जी के पाठक के बैठक में कहा कि शहर के अधिकांश चौराहों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाए गए हैं। जिनके जरिये यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहनों की रिकॉर्डिंग की जा रही है। साथ ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में स्थित कंट्रोल रूम के जरिये ऐसे सभी वाहनों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहनों का सीसीटीव्ही कैमरों के आधार पर ई-चालान किया जायेगा।
बैठक के अन्य महत्वपूर्ण तथ्य
- महिलाओं को चुनिंदा मार्गों पर प्रयोग बतौर महिला स्पेशल वाहनों के मिलेंगे परमिट।
- शास्त्री ब्रिज पर पेट्रोल पंप की ओर वाले टेम्पो एवं मैजिक आदि सवारी वाहनों का स्टोपेज पुल के किनारे 100 मीटर पीछे किया जायेगा।
- नदी गेट पुल के बगल में फूलबाग की तरफ बनी समानान्तर सड़क का आवागमन में होगा उपयोग।
- रेलवे प्लेटफॉर्म नं.-4 पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिये होंगे विशेष प्रयास।
- हजीरा की ओर रेलवे अंडरब्रिज से जाने वाले मार्ग को सुगम बनाने के लिये पीडब्ल्यूडी का वाउण्ड्रीवॉल का घेरा कम किया जायेगा।
- ऑटो, टेम्पो आदि चालकों को पुलिस और यूनियन संयुक्त रूप से प्रशिक्षण दिलायेगी।