सतना में धराया नकली नोट गिरोह, तार यूपी, बिहार से जुड़े

भोपाल। सतना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनसे तीन लाख रुपए के नकली नोट बरामद करने में सफलता हासिल की है। नकली नोट 5-5 सौ के हैं और इस गिरोह के तार यूपी और बिहार से जुड़े होने की बात सामने आई है। 

सतना पुलिस अधीक्षक प्रेमसिंह बिष्ट के मुताबिक, मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि सतना में कुछ लोग नकली नोट का कारोबार करने में लिप्त हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर सोमवार की रात चेतन निगम के यहां दबिश दी। जब उसके यहां तलाशी ली गई तो पुलिस को पांच-पांच सौ के नकली नोट, कुल एक लाख रुपए बरामद किए। 

पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसे ये नकली नोट सागर तिवारी ने दिए हैं। इसके बाद जब पुलिस ने सागर तिवारी के यहां छापा मारा तो उसके पास से दो लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए। ये नोट भी पांच-पांच सौ रुपए के थे। सागर तिवारी ने बताया कि उसे ये नोट बिहार के भागलपुर के एक कारोबारी ने दिए हैं। वह इलाहाबाद के भी एक कारोबारी के लिए काम करता है। 

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर भागलपुर और इलाहाबाद पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस टीम भागलपुर और इलाहाबाद रवाना कर दी गई है। पता चला है कि नकली नोट बड़ी नफासत से बनाए गए हैं और ये नकली नोट व्हाया नेपाल भारत पहुंचाए गए हैं। 

सतना पुलिस ने कल ही सात लोगों को गिरफ्तार कर उनसे अमेरिकन डॉलर बरामद किए थे। हालांकि इस गिरोह के जहांगीर और पाशा पुलिस के चंगुल से बच निकलने में कामयाब हो गए। नकली नोटों का गिरोह सतना जैसे शहर में पकड़े जाने से यह बात पता चलती है कि इस गिरोह की नजर अब छोटे शहरों पर है और वे ऐसे स्थानों पर अपने काम को अंजाम देने में जुटे हुए हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !