भोपाल। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा संघ और सरकार के खिलाफ इन्दौर में महारैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली 15 जनवरी को आयोजित की गई है एवं रणनीती की तैयारी के लिए मीटिंग 14 जनवरी को भोपाल में आहूत की गई है।
महिला कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार म0प्र0 महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना जायसवाल ने बताया है कि 15 जनवरी को इंदौर में म0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मा0 श्री कांतिलाल भूरिया जी के मार्गदर्शन व निर्देशानुसार एक महारैली का आयोजन किया जा रहा है।
श्रीमती जायसवाल ने बताया कि म0प्र0 में बढ़ते अपराधों विशेषकर महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचारों, गैंगरेप व रेप जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि होना साथ ही आर.एस.एस के कार्यकर्ताओं द्वारा महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं के घर पर पथराव जैसी घटनाओं के विरोध में इस महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंतर सिंह दरबार और इंदौर जिला कांग्रेस (शहर) अध्यक्ष प्रमोद टंण्डन ने सभी कांग्रेसियों से बड़ी से बड़ी संख्या में इस रैली में भाग लेने की अपील की है।
प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती करूणा शर्मा ने बताया कि 14 जनवरी दोपहर 3.00 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ‘‘इंदिरा भवन’’ में महिला कांग्रेस की ओर से इस विषय पर विचार विमर्श करने के लिए बैठक आयोजित की जा रही है। श्रीमती जायसवाल ने सभी महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बड़ी से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस महारैली को सफल बनाने की अपील की है।