भोपाल। प्रदेश के गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने मंगलवार को सरकारी आवासों में अवैध रूप से रह रहे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने मंत्रालय में आवासों के सर्वे की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाए।
बैठक में बताया गया कि सर्वे के दौरान जिन 114 शासकीय आवास में अवैध रूप से रह रहे लोगों की जानकारी सामने आई है। गुप्ता ने कहा, ऐसे लोगों के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई करें। इन आवासों में यदि शासकीय कर्मचारी हों, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को पत्र भी लिखा जाए।
गृह मंत्री ने सर्वे के दौरान संदिग्ध पाए गए 445 आवास का सर्वे पुन: करवाने के निर्देश भी दिए। गौरतलब है कि संपदा संचालनालय द्वारा भोपाल के 11 हजार 214 शासकीय आवास का सर्वे करवाया गया था।
