भोपाल (उपदेश अवस्थी)। शिवराज सिंह ने अपनी राजनैतिक चालें चलते हुए प्रदेश अध्यक्ष पद पर तोमर की ताजपोशी तो करवा दी, लेकिन अब वो प्रभात के हमलों से घबराए हुए हैं और डेमेज कन्ट्रोल के लिए वो तोमर को लेकर दिल्ली पहुंचे। यहां सुबह सवेरे वो प्रभात झा के बंगले पहुंचे और तीनों ने एकसाथ नाश्ता किया।
यूं तो शिवराज सिंह चौहान एक सरकारी यात्रा पर दिल्ली में हैं लेकिन केबीनेट की मीटिंग स्थगित करके दिल्ली जाना गले नहीं उतर रहा था। सुबह सवेरे इसका खुलासा भी हो गया, जब शिवराज सिंह चौहान, नए प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर को लेकर प्रभात झा के बंगले पर पहुंचे। यहां तीनों ने एक साथ नाश्ता किया।
सनद रहे कि प्रभात झा, सुरेश सोनी की पहली पसंद हैं और भाजपा में इतने भी कमजोर नहीं हैं, जितना कि उनके विरोधी बोलते रहते हैं। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ है और अब उनके पास खोने को भी कुछ नहीं है। निश्चित रूप से यह शक्तिशाली व्यक्ति जिसके पास खोने के लिए कुछ न बचा हो, खतरनाक ही होता है।
शायद शिवराज की टीम चाणक्य को यह बात उस समय समझ आ गई जब प्रभात जी ने भरे मंच से अपना रिपोर्टकार्ड पेश करते हुए कहा कि शिवराज ने पोखरण की तरह गोपनीय धमाका किया है, इशारा था कि अब मैं भी अमेरिका की तरह प्रतिबंध ही लगाउंगा।
बस इसी डेमेज कन्ट्रोल की कोशिश में आज शिवराज सिंह चौहान ने प्रभात जी से मुलाकात की। देखना यह है कि शिवराज के हमले में घायल हुए प्रभात झा क्या रिप्लाई करते हैं।
