इन्दौर। बाणगंगा के भवानी नगर इलाके में एक नाबालिग बेटे ने अपने ही बाप को कुल्हाड़ी से काट डाला। यह जघन्य हत्याकांड उसने इसलिए किया क्योंकि उसका बाप, उसकी बहन के साथ बलात्कार की कोशिश कर रहा था और यह कोशिश वो पिछले कई दिनों से लगातार कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि मृतक हुकुम जगदाले मजदूरी करता था एवं शराब पीने का आदी था। पिछले कई दिनों से हुकुम शराब पीने के बाद अपनी ही बेटी पर रेप करने की कोशिश करता, लेकिन किसी तरह से परिवार वाले उसे बचा लिया करते थे।
बीती रात भी वो शराब पीकर आया और अपनी ही बेटी पर रेप करने की कोशिश करने लगा। बड़ी मुश्किल से उसकी बेटी जान बचाकर अपने नाना के घर पहुंची परंतु बलात्कारी बाप वहां भी जा पहुंचा और सबके साथ मारपीट करने लगा।
पूरी तरह से पगला गया बाप जब काबू में नहीं आया और अंतत: उसी के 16 वर्षीय नाबालिग बेटे ने कुल्हाड़ी उठाई और कई प्रहार किए। बाद में खुद जा पहुंचा पुलिस स्टेशन और सरेण्डर कर दिया। उसकी रक्तरंजित लाश सुबह पुलिस ने बरामद की और पीएम करवाया।
फिलहाल पुलिस ने बेटे एवं मौके पर घटना के वक्त मौजूद सभी परिवारजनों को अरेस्ट कर लिया है, परंतु अपनी बहन की रक्षा के लिए पिता का कत्ल् करने वाले बेटे को मुक्त कराने के लिए सामाजिक संगठन आगे आ रहे हैं। लोगों का तर्क है कि प्राणों की रक्षा के लिए किया हमला अपराध नहीं होता और इसे हत्या नहीं माना जाना चाहिए।