भोपाल, 30 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से अयोध्या में भगवान श्री राम के दर्शन करने गए दंपति सुधीर और अर्चना ने करवा चौथ के दूसरे दिन सरयू नदी में छलांग लगा दी। दोनों के हाथ आपस में बंधे हुए थे। शुक्र है की नदी किनारे कुशल गोताखोर मौजूद थे। उन्होंने दोनों को बाहर निकाल लिया, हालांकि दोनों बेहोश हो गए थे परंतु प्राणों की रक्षा हो गई।
दोनों ने एक-दूसरे के हाथ बांध रखे थे
अयोध्या के कैंट थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुप्तार घाट पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे भोपाल से आए पति-पत्नी ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। पति की पहचान सुधीर श्रीवास्तव और पत्नी की पहचान 45 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव के रूप में हुई है। बताया गया कि नदी में कूदने से पहले दोनों ने एक-दूसरे के हाथ बांध रखे थे। मौके पर मौजूद गोताखोरों की टीम ने तुरंत नदी में छलांग लगाई। जब दोनों नदी में डूबने लगे तो नदी किनारे तैनात कुशल गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन लॉन्च किया और इससे पहले की दोनों नदी के बाहों में कहीं खो जाते, बेहोशी की हालत में बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को होश आ गया। दोनों के प्राणों की रक्षा हो गई।
अमरजीत निषाद, आनंद राज निषाद, अमन निषाद, राजकुमार निषाद और रामकुमार निषाद ने बचाव अभियान में हिस्सा लिया। बचाव टीम में भगवान दीन निषाद, प्रदीप निषाद और जल्दू निषाद समेत अन्य गोताखोर भी मौजूद थे। दोनों को बाहर निकालने के बाद मीरन घाट महिला चौकी प्रभारी किरण पाल और सिपाही रमन शर्मा के सुपुर्द किया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। अभी यह पता नहीं चल पाया कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया।
स्पेशल नोट: अयोध्या से प्राप्त हुए फोटो की क्वालिटी काफी खराब थी। AI की मदद से फोटो को रिपेयर किया गया है।

