भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कंपलेक्स रेडी

Updesh Awasthee
भोपाल, 30 अक्टूबर 2026:
सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने भोपाल स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा कर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण चरण के शुभारंभ एवं आगामी महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

भोपाल में पहला अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि 19 नवंबर को सीएम डॉ. मोहन यादव महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आगाज के साथ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का शुभारंभ करेंगे। मंत्री श्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के लिए खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों के ठहरने, परिवहन, भोजन और चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यह पहला अंतरराष्ट्रीय आयोजन होगा। ऐसे में आयोजन की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट हों, जिससे मध्यप्रदेश की खेल अधोसंरचना और आतिथ्य की बेहतर छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो सके। मंत्री श्री सुरंग ने खिलाड़ियों की डाइट, आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। खिलाड़ियों के ठहरने और परिवहन की व्यवस्थाओं की निगरानी खेल एवं युवा कल्याण विभाग करेगा।

19 नवंबर को होगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का शुभारंभ

लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का शुभारंभ 19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया जाएगा। यह परिसर प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

3 नवंबर को होगा लोगो लॉन्च, भोपाल पहुंचेगा हॉकी इंडिया का प्रतिनिधिमंडल

महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की तैयारियों के तहत 3 नवंबर को हॉकी इंडिया का प्रतिनिधिमंडल भोपाल आएगा। इस दौरान आयोजन से संबंधित एमओयू की प्रक्रिया और प्रेस वार्ता प्रस्तावित है। इसी दिन चैंपियनशिप के लोगो का भी अनावरण किया जाएगा।

शहर में बनेगा खेल उत्सव का माहौल

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आयोजन से भोपाल में उत्साह और उत्सव का माहौल निर्मित किया जाए। आयोजन का उद्देश्य केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता कराना ही नहीं बल्कि प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और मध्यप्रदेश को खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना भी है। मंत्री श्री सारंग ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!