भोपाल, 19 सितंबर 2026: 20 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 के बीच देश में गणेश विसर्जन, पितृ पक्ष (26 सितंबर से 10 अक्टूबर), महालया और नवरात्रि की शुरुआत जैसे कई प्रमुख पर्व एवं अवसर हैं। इस त्योहार के सीजन में जहां बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों से मिलने और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए यात्राएं करते हैं, ठीक उसी समय रेलवे द्वारा भोपाल मंडल होकर संचालित 20 यात्री ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। त्योहारों के इस मुख्य समय में इतनी ट्रेनों के रद्द होने से आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे की व्यवस्था और टाइमिंग पर सवाल
रेलवे प्रशासन के अनुसार, पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशन और उत्तर मध्य रेलवे के आगासौद स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए प्री-नॉनइंटरलाकिंग एवं नॉनइंटरलाकिंग के तहत यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। रेलवे का दावा है कि इस कार्य के पूरा होने से यार्ड की क्षमता बढ़ेगी, ट्रेनों के संचालन में अधिक सुगमता आएगी और समयपालन में सुधार होगा।
हालांकि, पितृ पक्ष और प्रमुख पर्वों के इस व्यस्त सीजन में इतने बड़े पैमाने पर ट्रेनों को बंद करने के निर्णय ने रेलवे प्रबंधन की योजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि जब त्योहारों के दौरान ट्रेनों में सीट मिलना पहले से ही मुश्किल होता है, उस समय रीमॉडलिंग ब्लॉक रखकर यात्रियों की परेशानियों को नजरअंदाज किया गया है।
प्रमुख निरस्त ट्रेनें और प्रभावित रूट
निरस्त की गई गाड़ियों में लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों से लेकर रोजाना चलने वाली मेमू ट्रेनें शामिल हैं:
- श्रीधाम एक्सप्रेस (12192 / 12191): जबलपुर-हज़रत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस 26 सितंबर से 14 अक्टूबर तथा हज़रत निजामुद्दीन-जबलपुर श्रीधाम एक्सप्रेस 27 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक निरस्त रहेगी (19-19 ट्रिप)।
- भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी (12197 / 12198): भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक निरस्त रहेगी (15-15 ट्रिप)।
- स्थानीय मेमू सेवाएं:
- ललितपुर–बीना मेमू (64618/64617) 20 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निरस्त (26 ट्रिप)।
- बीना–कटनी मुड़वारा मेमू (61619/61620) 21 सितंबर और 28 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निरस्त (19 ट्रिप)।
- बीना–रूठियाई मेमू (61611/61612 एवं 61625/61626) 30 सितंबर से 16 अक्टूबर तक निरस्त (17-17 ट्रिप)।
यात्रियों पर दोहरी मार
मेमू ट्रेनों के बंद रहने से ग्रामीण और छोटे स्टेशनों से सफर करने वाले दैनिक यात्री सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, श्रीधाम और इंटरसिटी जैसी प्रमुख ट्रेनों के रद्द रहने से पर्व के समय यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के सामने वैकल्पिक साधनों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

