भोपाल, 02 सितंबर 2026: राज्य शासन की मंशा है कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में प्रवेश लेकर तकनीकी कौशल में दक्ष बनें और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करें। वर्तमान में पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों के डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में कक्षा 10वीं के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार प्रवेश दिया जाता है। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 से निर्धारित पात्रता के अनुसार कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को लेटरल एंट्री के माध्यम से डिप्लोमा के द्वितीय वर्ष में प्रवेश देने का निर्णय लिया गया है।
Students in Bhopal who have passed Class 12 will get lateral entry admission into the second year of the diploma course
शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, भोपाल की प्राचार्य ने बताया कि कक्षा 10वीं के आधार पर प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का डिप्लोमा पाठ्यक्रम तीन वर्ष में पूरा होगा। वहीं, लेटरल एंट्री के माध्यम से द्वितीय वर्ष में प्रवेश लेने वाले कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी दो वर्ष में डिप्लोमा पूरा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं के आधार पर डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को प्रथम एवं द्वितीय वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर कक्षा 12वीं उत्तीर्ण के समकक्ष मान्यता प्रदान की गई है।
महाविद्यालय द्वारा ‘रुक जाना नहीं’ योजना के अंतर्गत उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की पहल की जाएगी। विद्यार्थियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध होने पर संस्था उनसे संपर्क कर करियर मार्गदर्शन प्रदान करेगी। साथ ही उनकी रुचि के अनुसार महाविद्यालय में संचालित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की जानकारी देकर प्रवेश में सहयोग किया जाएगा। क्रमांक/871/007/विजय/अरूण शर्मा।

