मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा: CPI ने बारूद को चिंगारी दिखा दी, राम जाने आगे क्या होगा

Updesh Awasthee
भोपाल, 9 अगस्त 2026:
मध्य प्रदेश का स्कूल शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा मंत्री और लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त महोदय, पता नहीं क्या करने के मूड में हैं। ई-अटेंडेंस के कारण लाखों शिक्षक पहले से ही नेगेटिव हैं और अब बिना कोई माहौल बनाएं अचानक एक नया ऑर्डर जारी कर दिया। यह नया आदेश बारूद को चिंगारी दिखाने जैसा है। आज की तारीख में कोई नहीं कह सकता कि इसका क्या परिणाम होने वाला है। 

आज रविवार के दिन दैनिक भास्कर और नई दुनिया सहित कई प्रतिष्ठित समाचार माध्यमों की ओर से जानकारी दी गई है कि, लोक शिक्षण संचालनालय की आयुक्त श्री अभिषेक सिंह ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों की ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करें। इसके लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर व्यवस्था की गई है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति की स्थिति पोर्टल के माध्यम से प्राप्त की जाएगी। पोर्टल पर पूरी कक्षा के विद्यार्थियों की सूची दिखेगी। नई व्यवस्था के तहत एजुकेशन पोर्टल 3.0 में स्टूडेंटस मैनेजमेंट के अंतर्गत स्टूडेंट अटेंडेंस ऑप्शन में जाने पर संबंधित कक्षा के सभी विद्यार्थियों की सूची दिखाई देगी। शिक्षक को विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति के अनुसार उनकी स्थिति दर्ज करनी होगी।

अटेंडेंस के लिए स्टूडेंट्स की तीन कैटेगरी तय

विद्यार्थियों के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं - Present, Absent और On Leave (मतलब स्वीकृत छुट्टी)। आदेश के मुताबिक सिस्टम में डिफॉल्ट रूप से सभी विद्यार्थियों को प्रजेंट प्रदर्शित किया जाएगा। जो छात्र अनुपस्थित हैं या अवकाश पर हैं, उनके नाम के सामने क्रमश: Absent या On Leave दर्ज करना होगा। इसके बाद डेटा को सेव किया जाएगा।

एजुकेशन पोर्टल पर संस्था के लॉगिन से लगेगी उपस्थिति

निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्कूल की कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर संस्था लॉगिन से दर्ज की जाएगी। प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों की सेक्शनवार एंट्री करने की जिम्मेदारी कक्षा शिक्षक की होगी। विभाग ने कहा है कि पोर्टल पर यह सुविधा जल्दी उपलब्ध कराई जाएगी।

कम उपस्थिति वाले छात्रों पर भी रहेगी नजर

ऑनलाइन अटेंडेंस का उद्देश्य सिर्फ रोज की उपस्थिति दर्ज करना नहीं है। विभाग नियमित रूप से विद्यार्थियों की उपस्थिति का विश्लेषण भी करेगा। कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं और जरूरी शैक्षणिक सहायता की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास भी किया जाएगा। यानी ऑनलाइन हाजिरी के जरिए विभाग स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड डिजिटल करने के साथ-साथ कम उपस्थिति वाले बच्चों की पहचान भी करेगा।

कुछ बड़े सवाल और समस्याएं

लोग शिक्षण संचालनालय की आयुक्त महोदय की इस आदेश ने कई बड़े सवाल और समस्याओं को पैदा कर दिया है। शिक्षकों को अटेंडेंस लगानी है तो वह 100% उपस्थिति ही लगाएंगे। यह आसान भी है क्योंकि ऑनलाइन सिस्टम के हिसाब से किसी विद्यार्थी को अनुपस्थित अथवा स्वीकृत छुट्टी दर्ज करने के लिए चार बार क्लिक करना पड़ेगा। 
  • यदि किसी शिक्षक की क्लास में 100% उपस्थित नहीं हुई तो आयुक्त महोदय की सेना, शिक्षक पर हमला कर देगी। कारण बताओं नोटिस, निलंबन आदेश और कोई-कोई जिला शिक्षा अधिकारी तो FIR के आदेश जारी कर देगा।
  • यदि किसी शिक्षक ने ईमानदारी के साथ गांव के सरपंच या किसी दूसरे नेता के मोड़ा-मोड़ी को अनुपस्थिति दर्ज कर दिया तो, मास्टर जी का जीना मुश्किल हो जाएगा। 
  • यदि माडसाब पावरफुल निकले तो वह ऑनलाइन अटेंडेंस के नाम पर ही विद्यार्थियों को ब्लैकमेल करने लगेंगे। प्रवेश पत्र नहीं मिलेगा, मार्कशीट नहीं मिलेगी, शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा, 15 अगस्त को लड्डू नहीं देंगे, पता नहीं क्या-क्या होने लगेगा। 

कहने का मतलब यह कि जिस प्रदेश के जिला शिक्षा अधिकारियों में योग्यता का अभाव है। जिला परियोजना अधिकारियों में ईमानदारी का अभाव है। जो इंटरनेट का मतलब फेसबुक और व्हाट्सएप से ज्यादा कुछ नहीं जानते। जो कंप्यूटर पर अपना आईडी पासवर्ड दर्ज नहीं कर सकते। शिक्षा मंत्री महोदय उनसे हाईटेक एजुकेशन सिस्टम की उम्मीद कर रहे हैं। मजे की बात देखिए, दिग्विजय सिंह द्वारा भर्ती किए गए शिक्षाकर्मी, जिनका एक बड़ा वर्ग लोकल की पॉलिटिक्स करता है, शिवराज सिंह जैसे मुख्यमंत्री को हिला देने की हिम्मत रखता है, उदय प्रताप सिंह जी उनसे पंगा ले रहे हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!