भोपाल, 25 अगस्त 2026: आज की कैबिनेट मीटिंग से भोपाल शहर को दो फायदे हुए। एक तो शहर का ट्रैफिक लोड कम हो जाएगा। बाहर से आने वाले वाहन, बाहर के बाहर निकल जाएंगे। और दूसरा, ब्रह्मांड के समस्त प्राणियों को अकाल मृत्यु से बचाने वाले महाकाल के नगर उज्जैन से भोपाल के मेडिकल विद्यार्थियों को चिकित्सा का ज्ञान प्राप्त होगा। धार्मिक आधार पर कह सकते हैं कि महाकाल की कृपा से भोपाल के बच्चे डॉक्टर बनेंगे।
कैबिनेट मीटिंग में भोपाल को मुख्य रूप से सड़क अधोसंरचना (Road Infrastructure) और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण फायदे मिले हैं:
सड़क परियोजनाओं में सुधार: मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) को 12 सड़कों के निर्माण के लिए ₹4,600 करोड़ की जो शासकीय गारंटी मिली है, उसमें भोपाल से जुड़े दो प्रमुख मार्ग शामिल हैं:
भोपाल-विदिशा मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
पूर्वी भोपाल बायपास के वर्तमान 4-लेन मार्ग को बढ़ाकर 6-लेन मय पेव्ड किया जाएगा।
भोपाल में विद्यार्थियों को उज्जैन से मिलेगा मेडिकल का ज्ञान
उज्जैन में 'मध्यप्रदेश धन्वंतरि स्वास्थ्य विश्वविद्यालय' की स्थापना से भोपाल संभाग के अंतर्गत आने वाले स्वास्थ्य विज्ञान शिक्षण संस्थानों को संबद्धता, निरीक्षण, परीक्षा और अन्य विश्वविद्यालयीन सेवाओं के लिए एक अलग प्रशासनिक व्यवस्था मिलेगी। इससे निर्णयों और सेवाओं में समयबद्धता व जिम्मेदारी सुनिश्चित होगी, जिससे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

