इंदौर, 27 अगस्त 2026: इंदौर के गाड़ी अड्डा इलाके में सड़क अचानक धंस गई। सड़क धंसने से करीब 20 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत रही कि जिस समय सड़क धंसी, उस वक्त वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। इस घटना के कारण पब्लिक में दहशत है। यहां तो सड़क थी लेकिन यदि किसी के घर के नीचे की जमीन धंस गई तो?
Indore Road Suddenly Collapses, 20-Foot-Deep Pit Sparks Panic Among Residents
फिलहाल सड़क धंसने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि यहां पहले ड्रेनेज की लाइन बिछाई गई थी और पास में ड्रेनेज का चैंबर भी बना हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ड्रेनेज लाइन या चैंबर की वजह से सड़क धंसी हो सकती है। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर दी गई, ताकि कोई राहगीर या वाहन चालक गड्ढे में न गिर जाए।
गड्ढा बनने के बाद स्थानीय लोगों में अब आसपास की सड़क को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि अगर सड़क के नीचे की जमीन कमजोर हुई है तो आसपास का दूसरा हिस्सा भी धंस सकता है। स्थानीय लोगों की मांग है कि केवल गड्ढे की मरम्मत करने के बजाय सड़क के नीचे मौजूद ड्रेनेज लाइन और आसपास के हिस्से की पूरी तकनीकी जांच की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

