इंदौर, 7 जुलाई 2026: राजनीति में पॉवर का नशा केवल नेता को नहीं होता, उसके नौकरों को भी होता है। इंदौर विधायक, यात्री बसों का संचालन भी करते हैं परंतु उनके बस का स्टाफ भी अकड़ में रहता है। कई विवाद पहले भी हो चुके हैं। इस बार तो सड़क पर बैठी गायों को कुचल दिया और ग्रामीणों को विधायक महोदय की धौंस देने लगे। ग्रामीणों ने पूरी बस जलाकर राख कर दी।
सोमवार रात उज्जैन के पंथ पिपलाई में बलराम जाट ढाबे के पास उज्जैन आ रही बस ने सड़क पर बैठी दो गायों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गायों की मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पहले यात्रियों को सुरक्षित उतारा, फिर पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए और बस में आग लगा दी। इससे पूरी बस जलकर खाक हो गई। बस इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला की बताई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान ट्रैफिक जाम रहा।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि दो गायों की मौत के बाद कुछ लोगों ने बस को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, आशंका है कि बस में आग शॉर्ट सर्किट से लगी। मामले की जांच की जा रही है।

