मैहर, 7 जुलाई 2026: रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे-30 पर नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास भयंकर रोड एक्सीडेंट हो गया। एक XUV तेजी से आई और सामने चल रहे ट्रक में टक्कर मार दी। इसके कारण XUV में सवार 6 में से 5 युवकों की मौत हो गई। ये सभी पटेल परिवार के लोग हैं, जो इलाके का बड़ा रसूख वाला पॉलिटिकल परिवार है।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग और नादन देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मशक्कत के बाद कार में फंसे छह युवकों को बाहर निकाला।इनमें पांच की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल मिला। घायल को पहले सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ड्राइवर बोला- ट्रक स्लो चल रहा था, XUV स्पीड में थी
ट्रक ड्राइवर चितरंजन दास चंदेल ने बताया कि हमारी गाड़ी 40-45 की स्पीड में चल रही थी। वहीं, XUV बहुत स्पीड में थी। कुछ समझ में नहीं आया कि कितनी तेजी से मारा। सिर्फ धड़ाम की आवाज आई। ट्रक के पीछे के दोनों टायर खराब हो गए। गाड़ी पलटने से बच गई।
पांचों युवकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में अंकुर पटेल (40) पिता गोविंद पटेल, मृदुल पटेल (32) पिता महेंद्र पटेल, विजय पटेल (30) पिता नागेंद्र पटेल, हरिशंकर पटेल (25) पिता नागेंद्र पटेल और शिवा पटेल (23) पिता संजू पटेल शामिल हैं।
चार युवक मैहर जिले के तनाजा के रहने वाले थे, जबकि शिवा पटेल नरोरा गांव के थे। विजय और हरिशंकर दोनों सगे भाई थे।
हादसे में घायल ओम पटेल पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जबलपुर रेफर कर दिया है।
शुरुआती जांच में सामने आया कि सभी युवक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल का बर्थडे मनाकर लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक पूर्व विधायक लालजी भाई पटेल (निर्दलीय) और पूर्व कांग्रेस विधायक स्वर्गीय मथुरा पटेल के परिवार से थे।
मृतक अंकुर पटेल खेती के साथ व्यवसाय करते थे। मृदुल पटेल वेयरहाउस का संचालन करते थे। विजय पटेल जबलपुर में नौकरी करते थे। हरीशंकर पटेल खेती करते थे। संजीव पटेल नौकरी करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार XUV (MP13 L1887) रिगरा गांव के पास आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर में वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार युवक अंदर फंस गए। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मैहर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी भेज दिया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
नादन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया, "हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।"

.webp)