दतिया, 13 जुलाई 2026: मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में सेवाएं देने वाले शिक्षकों में बड़ी संख्या ऐसे कर्मचारियों की है जो एक्टिव पॉलिटिक्स में पार्टिसिपेट करते हैं। पॉलीटिकल पावर के कारण नियमों की परवाह नहीं करते। दतिया में आदर्श आचरण संहिता लागू होने के बावजूद नेतागिरी कर रहे थे। कलेक्टर ने दो शिक्षकों को सस्पेंड किया है। सूत्रों का कहना है कि दतिया में सैकड़ो कर्मचारियों पर प्रशासनिक निगरानी चल रही है।
Datia: Two Teachers Suspended Over Alleged Political Activity, Hundreds of Employees Under Watch
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने राजीव तिवारी, माध्यमिक शिक्षक, हाई स्कूल मोहनाजाट तथा मुकेश शर्मा, प्राथमिक शिक्षक, सांदीपिनी विद्यालय बड़ौनी को सस्पेंड किया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दोनों शिक्षकों का आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों के विपरीत पाया गया है, इसलिए उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। और लिख रही है कि आदर्श आचरण संहिता के लागू हो जाने के बाद कोई भी सरकारी शिक्षक किसी भी प्रकार से, किसी भी माध्यम से, राजनीतिक गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकता है। यहां तक कि वह ऐसा कोई काम नहीं कर सकता जिससे आम जनता को लगे कि वह, पार्टी या प्रत्याशी का समर्थन अथवा विरोध कर रहा है।
कमिश्नर मनोज खत्री ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया
दतिया विधानसभा के उप निर्वाचन के अंतर्गत संभागायुक्त श्री मनोज खत्री ने आज शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री स्वप्निल वानखड़े तथा पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सभी मास्टर ट्रेनर गंभीरता के साथ प्रशिक्षण लें : सामान्य प्रेक्षक विजय भारती
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के तहत सभागार में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
सामान्य प्रेक्षक श्री विजय भारती ने प्रशिक्षण में कहा कि सभी मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से लें, ताकि मतदान दलों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री मनोज द्विवेदी ने मतदान पूर्व, मतदान के दौरान एवं मतदान उपरांत की प्रक्रियाओं, मॉक पोल, सीआरसी, वीवीपैट, ईवीएम संचालन तथा मतदान समाप्ति के बाद की जाने वाली आवश्यक कार्यवाहियों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान सभी मास्टर ट्रेनर्स को ईवीएम पर व्यवहारिक (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण भी कराया गया।

.webp)