सरकारी गेहूं में हड्डी: टीकमगढ़ में हंगामा, विदिशा से आईं थी बोरियां

Updesh Awasthee
टीकमगढ़, 14 जुलाई 2026:
शासकीय उचित मूल्य दुकान नन्ही टेहरी में सोमवार को पीडीएस राशन वितरण शुरू होते ही बड़ा मामला सामने आया। वितरण के लिए खोली गई पहली गेहूं की बोरी में किसी जानवर के सिर की हड्डी निकलने से उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। 

Government Wheat Controversy: Bone Found in Tikamgarh, Supply Linked to Vidisha

लोगों ने राशन लेने से इनकार करते हुए विरोध जताया और मामले की सूचना खाद एवं आपूर्ति विभाग को दी। सूचना मिलते ही कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (जेएसओ) सार्थक तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सतर्कता बरतते हुए अन्य बोरियों की भी जांच कराई। हालांकि दूसरी बोरियों में हड्डियां नहीं मिलीं लेकिन उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को देखते हुए तत्काल उचित मूल्य दुकान को सील कर गेहूं के वितरण पर रोक लगा दी गई। 

जानकारी के अनुसार दुकान पर पीडीएस के तहत करीब 163 क्विंटल गेहूं गरीब हितग्राहियों को वितरण के लिए पहुंचा था। जांच में सामने आया कि यह गेहूं विदिशा जिले के संकल्प वेयरहाउस से टीकमगढ़ भेजा गया था। बोरी पर खरीदी केंद्र के रूप में सेवा सहकारी समिति पठानी का नाम दर्ज है। इसके बाद यह गेहूं पीडीएस वितरण के लिए नन्ही टेहरी भेजा गया था। 

जेएसओ सार्थक तिवारी ने बताया कि मामले की सूचना प्रभारी नागरिक आपूर्ति निगम अधिकारी को दे दी गई है। पूरी खेप वापस भेजी जाएगी और उसके स्थान पर नया गेहूं उपलब्ध कराकर हितग्राहियों को वितरण कराया जाएगा। विभाग मामले की जांच भी कर रहा है कि गेहूं की बोरी में हड्डी कैसे पहुंची।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!