आलीराजपुर, 12 जून 2026: जिले में अवैध रेत खनन के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन, जेसीबी, ट्रैक्टर एवं रेत बनाने तथा धोने की मशीन जप्त की है। जप्त किए गए समस्त उपकरणों की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। संयुक्त दल ने ग्राम सौरवा के दरवाडिया फलिया क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से रेत खनन एवं प्रसंस्करण का कार्य करते हुए एक व्यक्ति भूचरिय के परिसर से भारी मशीनरी एवं उपकरण जप्त किए। कार्रवाई के दौरान मौके पर एक पोकलेन मशीन, एक जेसीबी, एक ट्रैक्टर सहित रेत बनाने एवं धोने में उपयोग की जाने वाली मशीनें संचालित पाई गईं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी उपकरणों को जप्त कर नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं प्रसंस्करण किए जाने के संकेत मिले हैं। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने स्पष्ट कहा कि संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार सुश्री सरिता बालेचा, खनिज निरीक्षक श्री सतीश नागले सहित राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग का अमला उपस्थित रहा।
जनकल्याण शिविर में 242 आवेदन प्राप्त, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
आलीराजपुर, 13 जून 2026: पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक आयोजित विशेष पखवाड़े के अंतर्गत जनपद पंचायत चंद्रशेखर आजाद नगर में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के प्रथम दिवस विभिन्न विभागों से कुल 242 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान हितलाभ वितरण किया गया तथा किसानों एवं आमजन को शासन की योजनाओं की जानकारी देकर मौके पर आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की गई। सबसे अधिक 117 आवेदन लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग में प्राप्त हुए। रिपोर्ट: नवीन सेन।


