सागर में स्कूल शिक्षा की महिला क्लर्क, शिक्षक से रिश्वत लेते गिरफ्तार

Updesh Awasthee
सागर, 18 जून 2026:
मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामले में महिलाओं ने पुरुषों की बराबरी कर ली है। रिश्वत के लिए सरकारी काम अटकाने में और खुलेआम रिश्वत मांगने में महिलाएं बिल्कुल भी पीछे नहीं है। स्कूल शिक्षा विभाग की एक महिला क्लर्क को अपने ही विभाग के शिक्षक से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। रिश्वत की मांग किसी फेवर के बदले नहीं की गई थी बल्कि नियम के अनुसार समय पर कार्रवाई करने के बदले की गई थी। 

MP School Education Department Clerk Caught Taking Bribe from Teacher in Sagar

मामला सागर शहर में स्थित सांदीपनि विद्यालय क्रमांक 1 का है। यहां लोकायुक्त की टीम ने अचानक छापामार कार्रवाई की और महिला क्लर्क गंधाली कदम को हिरासत में ले लिया। बाद में लोकायुक्त की टीम ने प्रेस को बताया कि, यह कार्रवाई एक शिक्षक की शिकायत पर की गई है। इसी स्कूल में पदस्थ शिक्षक गेंदालाल अहिरवार ने लोकायुक्त में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनका 60 हजार रुपए का एरियर्स निकलना था। इसके लिए वह सांदीपनि विद्यालय की क्लर्क गंधाली कदम से मिले थे। आरोप है कि क्लर्क ने एरियर्स निकालने के बदले 3 हजार रुपए की मांग की थी, जो बाद में 2500 रुपए में तय हुई।

जांच के बाद ट्रैप की कार्रवाई प्लान की गई

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को लोकायुक्त टीम स्कूल पहुंची। योजना के अनुसार शिक्षक ने क्लर्क गंधाली कदम को केबिन में जाकर 2500 रुपए दिए। जैसे ही पैसे दिए गए, लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।

मामला दर्ज, जांच जारी

लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि क्लर्क गंधाली कदम को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!