भोपाल में मॉर्निंग वॉक पर निकला सभ्य टाईगर, महिला डर गई तो वापस चला गया

Updesh Awasthee
भोपाल, 26 जून 2026:
दुनिया के ऐसे बहुत कम क्षेत्र हैं और खास तौर पर शायद ही ऐसा कोई शहर होगा जहां वन्य प्राणी और इंसान, एक साथ रहते हैं। दुनिया भर में टाइगर्स की भले ही कितनी भी कमी हो लेकिन भोपाल में टाइगर्स की अच्छी खासी आबादी है। यहां टाइगर खुलेआम घूमते हैं। आज शुक्रवार को चंदनपुरा में एक टाइगर मॉर्निंग वॉक कर रहा था, उसके आगे एक महिला मॉर्निंग वॉक पर थी। टाइगर ने कुछ नहीं कहा लेकिन उसको देखकर महिला डर गई तो टाइगर एक सभ्य नागरिक की तरह वापस चला गया। 

Civilised Tiger on Morning Walk in Bhopal? Big Cat Turns Back After Spotting a Woman

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ टहल रही थी। इसी दौरान उसके बिल्कुल पास से एक जानवर निकला। पहले उसे लगा कि कोई कुत्ता होगा, लेकिन ध्यान से देखने पर पता चला कि वह टाइगर है। महिला के अनुसार उसके पति कुछ दूरी पर चल रहे थे। उसने जोर से चिल्लाकर उन्हें आवाज दी, जिसके बाद बाघ झाड़ियों में चला गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद कई अन्य लोगों ने भी बाघ को देखा। इससे मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके से भाग गए, जबकि कुछ ने सुरक्षित दूरी से बाघ का वीडियो भी बनाया।

चंदनपुरा में इंसानों के मॉर्निंग वॉक पर वन विभाग का प्रबंध

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाघ बाद में चंदनपुरा स्थित एक निजी फार्महाउस की बाउंड्री के अंदर चला गया। घटना सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 9 बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्चिंग अभियान शुरू किया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जब तक सर्चिंग अभियान पूरा नहीं हो जाता, तब तक चंदनपुरा क्षेत्र और उसके आसपास मॉर्निंग वॉक या जंगल से लगे इलाकों में जाने से बचें। टीम लगातार बाघ की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। 

चंदनपुरा टाइगर का इलाका है 

दरअसल, चंदनपुरा और आसपास का क्षेत्र टाइगर की टेरिटरी में आता है। भोपाल के कलेक्टर ने टाइगर की NOC के बिना ही जंगल की जमीन को रेजिडेंशियल जमीन बना दिया। लोगों ने प्लॉट खरीद लिया और मकान बना लिए। टाइगर को अभी भी इसकी कोई सूचना नहीं है, वह मजे से अपनी टेरिटरी में घूमता है। उसे इंसान दिखाई देते हैं लेकिन वह किसी पर हमला नहीं करता। यह कोई पहली घटना नहीं है, लगभग हर रोज ऐसी घटना होती है, लोग बड़े नजदीक से टाइगर के वीडियो बनाते हैं। इस मामले में एक महिला भयभीत हो गई इसलिए समाचार बन गया।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!